अमरोहा
पत्नी को मायके से वापस बुलाने के लिए रचा नाटक
अमरोहा में व्यक्ति ने खुद की गर्दन पर मारा चाकू, लूट की झूठी सूचना दी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रहरा थाना क्षेत्र में एक पशु व्यापारी ने अपनी नाराज पत्नी को मायके से वापस बुलाने के लिए अजीब तरकीब अपनाई। उसने खुद को चाकू से घायल कर लूट की झूठी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि यह घटना 16 जुलाई की रात बुरावली गांव में हुई। आरोपी नसीम पुत्र जहीर ने खुद की गर्दन पर चाकू से वार किया। फिर उसने पुलिस को बताया कि उस पर लूट के इरादे से हमला हुआ था।
पूछताछ में हुआ खुलासा
जांच में पता चला कि घटना से एक सप्ताह पहले नसीम के बेटे के मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया था। इस बात पर नसीम ने बेटे को डांटा और पिटाई की कोशिश की। इससे घर में विवाद हो गया। नसीम की पत्नी अपने भाई के साथ गजरौला स्थित मायके चली गई। बेटा भी काम के लिए घर छोड़कर चला गया। नसीम की पत्नी ने उसके पास वापस आने से मना कर दिया था। इसलिए उसने यह योजना बनाई। पुलिस की पूछताछ में नसीम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार का न्यायालय के समक्ष पेश किया है।



