भारी बारिश ने मचाई तबाही उप जिला अधिकारी ने ली गेस्ट हाउस की शरण
एस डी एम को सरकारी आवास छोड़ गेस्टहाउस में लेना पड़ा शरण

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमेठी। पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांवों तक जल भराव की स्थिति बन गई है। नालियों की सफाई न होने और जल निकासी के अभाव में पानी लोगों के घरों में घुस गया है।
नगर पंचायत अमेठी के दावे खोखले साबित हुए हैं। कई कॉलोनियों और मोहल्लों की गलियां पानी से लबालब भर गई हैं। अमेठी एसडीएम कॉलोनी भी इससे प्रभावित हुई है।
बारिश का पानी इतना अधिक हो गया कि अमेठी उपजिलाधिकारी आशीष सिंह के सरकारी आवास तक पहुंच गया। जलभराव की स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एसडीएम को अपने परिवार समेत आवास से सामान निकालकर गेस्टहाउस में शरण लेनी पड़ी।

एसडीएम कॉलोनी में जलनिकासी की व्यवस्था अपर्याप्त साबित हुई है। घुटनों तक भरे पानी ने अधिकारियों को भी असहाय कर दिया है। प्रशासनिक अमले के महत्वपूर्ण आवासीय क्षेत्रों में जब यह स्थिति है, तो आम जनता की हालत का अनुमान लगाया जा सकता है।

