श्री दक्ष प्रजापति सेवा समिति ने एसडीएम भावना सिंह को किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत : श्री दक्ष प्रजापति सेवा समिति द्वारा बुधवार को उपजिलाधिकारी बड़ौत भावना सिंह को उनके प्रशासनिक कार्यों, सेवा भावना और समाजहित में किए जा रहे उत्कृष्ट प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह बड़ौत तहसील परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र मलानिया प्रजापति ने कहा कि भावना सिंह के नेतृत्व में बड़ौत क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, जन समस्याओं के निस्तारण और समयबद्ध कार्रवाई में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। समिति का यह सम्मान उनके सेवा कार्यों के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।
समिति के वरिष्ठ सदस्य विनोद प्रजापति ने कहा कि भावना सिंह ने जिस तरह आम जनमानस की समस्याओं को सुना और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की, वह अत्यंत सराहनीय है। वहीं राजेंद्र प्रजापति ने कहा कि समाज को ऐसे ही अधिकारियों की आवश्यकता है जो ज़मीन से जुड़कर कार्य करें और बिना भेदभाव के जनहित में फैसले लें।
सम्मान स्वरूप भावना सिंह को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट किए गए। भावना सिंह ने समिति के प्रति आभार जताते हुए कहा कि “यह सम्मान मेरी नहीं, पूरे प्रशासनिक तंत्र की मेहनत का परिणाम है। समाज का सहयोग ही हमारी प्रेरणा है और मैं हमेशा जनसेवा के लिए तत्पर रहूंगी।”
इस कार्यक्रम में समिति के अन्य पदाधिकारी, समाजसेवी, स्थानीय गणमान्य नागरिक व युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।



