
5 हजार से अधिक श्याम प्रेमी हुए शामिल
सनातन संस्कृति की एकता और सौंदर्य को लगातार दो वर्षों से उजागर कर रहा है यह कार्यक्रम -अनुज आर्य
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नव दुर्गा उत्सव समिति बस स्टैंड भीमपुर द्वारा खाटू श्याम जी की कीर्तन ज्योत का भव्य आयोजन बस स्टैंड पर किया गया। इस धार्मिक आयोजन में करीब 5 हजार से अधिक श्याम प्रेमी श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे पूरा भीमपुर खाटू श्याम के भक्ति रस में डूब गया।आयोजन की सबसे बड़ी खासियत जयपुर, राजस्थान की मशहूर गायिका सुश्री कृपा पटेल, मां चामुंडा की नगरी देवास से आई गायिका नीलम जायसवाल, और राजधानी भोपाल के गायक सत्यम भट्ट के मधुर कीर्तन थे, जिन्होंने पूरे भीमपुर में भक्ति का वातावरण बना दिया। सुश्री कृपा पटेल ने अपनी गायिकी से श्याम प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं नीलम जायसवाल की भक्तिमय प्रस्तुति ने भक्तों के दिलों में खाटू श्याम की भक्ति की ज्योत जला दी। सत्यम भट्ट की आवाज ने भी भक्तों के बीच उत्साह और उल्लास भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कीर्तन और ज्योत प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद सत्यम भट्ट की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। श्याम प्रेमी पूरे समय भक्ति में लीन रहे और हर कीर्तन पर जयकारे लगाते रहे। कीर्तन के दौरान उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में खाटू श्याम की जय के नारे लगाए और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया और नव दुर्गा उत्सव समिति के सदस्य भाजपा युवा नेता अनुज आर्य ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं और कलाकारों का धन्यवाद किया।




