अमेठी
दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने की मदद, दिया आर्थिक सहयोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। हनुमानगंज बाजार ठेंगहा में रविवार रात शॉर्ट सर्किट की वजह से एक टेलर की दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़े, फर्नीचर, सिलाई मशीनें और स्कूली बच्चों की ड्रेस पूरी तरह जल गईं।
ठेंगहा गांव निवासी रहीश अहमद की यह सिलाई की दुकान अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा सारा सामान खाक हो गया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अमेठी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला अध्यक्ष महेश सोनी ने पीड़ित दुकानदार रहीश अहमद को नया सिलाई मशीन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
महेश सोनी ने कहा कि “व्यापारियों की हर संकट की घड़ी में हमारा संगठन उनके साथ खड़ा है। प्रशासन से मांग की गई है कि बाजार में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।




