
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के मोहल्ला घेर पछय्या में रिटायर्ड सीओ ताहिर उस्मानी के बड़े बेटे राहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 37 वर्षीय राहिल का शव उनके कमरे में पंखे से लटका मिला। राहिल पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। पुलिस के अनुसार, राहिल ने शहर में कई जमीनों में निवेश किया था। यह पैसा उन्होंने लोगों से उधार या हिस्सेदारी के रूप में लिया था। कुछ विवादित जमीनों के मामले अदालत में विचाराधीन थे। पैसा फंसने के कारण राहिल तनाव में थे। लोग उनसे लगातार पैसे की वापसी की मांग कर रहे थे। गुरुवार दोपहर को कुछ लोग पैसे मांगने आए थे। इन लोगों से राहिल की बहस हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी और 8 वर्षीय बेटे को घर के दूसरे हिस्से में भेज दिया। फिर कमरे में जाकर अंदर से चटखनी लगा ली। राहिल ने एक दोस्त को फोन कर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही।
दोस्त ने तुरंत परिजनों को सूचित किया। परिजन दीवार फांदकर घर में घुसे। कमरे का दरवाजा तोड़ने पर राहिल का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




