सर्वगुण संपन्न बने बेटियां, संस्कारित बेटियां ही समाज का दर्पण : रवि शास्त्री

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। समाज में नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत द्वारा एक विशेष पहल करते हुए आगामी 4 जून से नगर स्थित चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में आवासीय संस्कार शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में आर्य कन्या इंटर कॉलेज में एक दिवसीय संस्कार कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को भारतीय संस्कृति, नैतिकता और आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सभा मंत्री रवि शास्त्री ने कहा कि संस्कारित बेटियां ही समाज का वास्तविक दर्पण होती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को केवल बाहरी सुंदरता नहीं, बल्कि संस्कारों, शालीनता, सेवा, त्याग और चरित्र से युक्त सर्वगुण संपन्न नारियों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि विश्व सुंदरी प्रतियोगिताओं की बजाय सर्वगुण संपन्न महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित हों, तो समाज में अच्छे संस्कारों और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
रवि शास्त्री ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। एक संस्कारित और शिक्षित नारी ही वीर पुत्रों और वीरांगनाओं को जन्म देकर राष्ट्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज के समय में बढ़ता अंग प्रदर्शन और पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण समाज को गलत दिशा में ले जा रहा है। भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्मान और उच्च स्थान दिया गया है, इसलिए समाज को पुनः संस्कारों और मर्यादाओं की ओर लौटने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि आगामी आवासीय संस्कार शिविर में बेटियों को केवल धार्मिक और सांस्कृतिक शिक्षा ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें जूडो-कराटे, योगासन, आत्मरक्षा, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा नैतिक जीवन के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए जाएंगे। शिविर का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और संस्कारित बनाना है, ताकि वे जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकें।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के संस्कार शिविर समाज की आवश्यकता बन चुके हैं। जहां एक ओर आधुनिकता तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
संस्कार शिविर के प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत गुरुकुल बरनावा, सर्व हितकारी इंटर कॉलेज, न्यू आदर्श पब्लिक जूनियर हाई स्कूल, जय पारस पब्लिक स्कूल तथा ईशा कुलम गुरुकुल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संपर्क किया गया और छात्राओं को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या तेजवीरी देवी, प्रधानाचार्य अरविंद शास्त्री, योगेंद्र सोलंकी, मनीष सोलंकी, कपिल आर्य, धर्मपाल त्यागी, प्रधानाचार्य प्रेमचंद, डॉ राहुल जैन, अनिल कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित



