नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को चिकानी बस स्टैंड, बहादुरपुर, तहसील किशनगढ़ बास क्षेत्र में तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के दिशा-निर्देश में की गई।
जिला नोडल अधिकारी खाद्य सुरक्षा विभाग हेमंत कुमार यादव ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर विभाग की टीम ने चिकानी स्टैंड स्थित प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मेसर्स सैनी मिष्ठान भंडार एवं झिलमिल मिष्ठान भंडार से दूध एवं चीनी से निर्मित दूध पाक के नमूने लिए गए। वहीं भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं बर्फी का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान भगत जी चाट एवं मिष्ठान भंडार पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। मौके पर करीब 40 से 45 किलो पुरानी, दूषित एवं बदबूदार मिठाई पाई गई, जिसे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करवाया। प्रतिष्ठान संचालक को एफएसएसएआई अधिनियम, 2006 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया तथा भविष्य में प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्माण/समाप्ति तिथि का ध्यान रखें। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता एवं मनीषा शर्मा तथा लैब टेक्नीशियन महिपाल सिंह मौजूद रहे।


