सिंगरौली
जेपी सुपर थर्मल पावर प्लांट निगरी में तीन दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण सम्पन्न
आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक उपायों की दी गई व्यापक जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली : इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, सिंगरौली द्वारा संचालित सेंट जॉन एम्बुलेंस (इंडिया) के अंतर्गत दिनांक 16 से 18 जून 2025 तक जेपी सुपर थर्मल पावर प्लांट, निगरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तीन दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण जिला कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रेसिडेंट चंद्रशेखर शुक्ला, आईएएस के निर्देशन एवं रेडक्रॉस चेयरमैन एस.डी. सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यस्थल पर आकस्मिक दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक उपचार द्वारा जीवन रक्षा सुनिश्चित करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन फर्स्ट एड एग्ज़ामिनर डॉ. आर. डी. द्विवेदी, फर्स्ट एड ट्रेनर डॉ. डी. के. मिश्रा एवं डॉ. सुशील सिंह चंदेल की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। तीनों प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता के माध्यम से प्रशिक्षुओं को विभिन्न आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा के व्यावहारिक एवं सिद्धांतात्मक पहलुओं से अवगत कराया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, सिंगरौली की सेवा भावना एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो कार्यस्थल पर सुरक्षा, सजगता एवं मानवीय सेवा के संकल्प को सुदृढ़ करता है।




