बालाघाट
दमोह PHC में डॉक्टर नहीं, सरकार की नींद नहीं
मरीज भगवान भरोसे,जनप्रतिनिधि कुंभकर्णी नींद में

सत्ता की संवेदनहीनता का सबूत—दमोह PHC में एक भी MBBS डॉक्टर नहीं, जनता की जान दाँव पर; जनप्रतिनिधियों की मुर्दनी कब टूटेगी?
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
दमोह। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दमोह आज सरकार की उपेक्षा और प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता सबूत बन गया है। यहाँ एक अदद MBBS डॉक्टर तक नहीं है। जिस अस्पताल पर दमोह और आसपास के ग्रामीण अंचल की जनता की जान की जिम्मेदारी होनी चाहिए, वहाँ मरीज भगवान भरोसे छोड़ दिए गए हैं। प्रसव पीड़ा से कराहती महिलाएँ, सड़क हादसों में खून से लथपथ घायल और अचानक गंभीर बीमार पड़े मरीज इलाज के लिए बिरसा, बालाघाट और छत्तीसगढ़ तक की खाक छानने को मजबूर हैं। लंबी दूरी का यह सफर कई बार मरीज की जिंदगी और मौत के बीच की लकीर बन जाता है।
सवाल सीधा और कड़वा है—जब मरीज की साँसें उखड़ रही हों और अस्पताल में डॉक्टर ही न हो, तो उसकी जान की जिम्मेदारी आखिर किसके सिर होगी? स्वास्थ्य कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं, हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। लेकिन सत्ता पर काबिज सरकार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की संवेदनहीनता यहाँ की जनता को तड़पने पर मजबूर कर रही है। चुनाव के समय हाथ जोड़कर वादे करने वाले चेहरे आज जनता की इस पीड़ा पर आँखें मूँदे बैठे हैं। जिन्हें वोट देकर कुर्सी तक पहुँचाया गया, उनके कानों पर जूँ तक नहीं रेंग रही।
यह सिर्फ एक अस्पताल की कमी नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही से किए गए सामूहिक धोखे का मामला है। ग्रामीण जनता कब तक स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में तड़पती रहेगी? जनप्रतिनिधि आखिर कब जागेंगे? क्या किसी की जान जाने के बाद ही व्यवस्था की नींद खुलेगी? यह किसी एक व्यक्ति की माँग नहीं, पूरे क्षेत्र की सामूहिक चीख है।
शासन-प्रशासन और क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट माँग है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दमोह में तत्काल एक योग्य MBBS डॉक्टर की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर उचित इलाज मिल सके। यह जनहित का सवाल है। अब खोखले आश्वासनों का नहीं, ठोस कार्रवाई का समय है। दमोह PHC को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए पूरे क्षेत्र को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।



