भारी बारिश से 12 मौतें, कोटा-पाली में स्कूल बंद, 13 जिलों में अलर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। राजस्थान में भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटे में बारिश से जुड़े हादसों में राज्यभर में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इन मौतों में चित्तौड़गढ़ में 4, प्रतापगढ़ में 3, चूरू में 2, जबकि कोटा, भरतपुर और पाली में एक-एक जनहानि शामिल है। वहीं, कोटा की चंबल नदी में बह गए 7 लोगों में से 1 को बचा लिया गया है, जबकि 6 अब भी लापता हैं।
राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में पानी भर गया है और जगह-जगह जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए कोटा और पाली जिलों में मंगलवार को स्कूल बंद रखे गए हैं।
13 जिलों में अलर्ट, कोटा-पाली में छुट्टी
मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें कोटा, चित्तौड़गढ़ और टोंक जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं पाली, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, नागौर, राजसमंद, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बूंदी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कोटा में बाढ़ जैसे हालात, हजारों लोग प्रभावित
कोटा जिले में बीते 24 घंटे में 7 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जिले के निचले इलाकों में बस्तियों तक पानी भर गया है। हजारों लोग अपने घरों में फंसे हैं। चंबल नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। निमोदा हरिजी गांव में बीरज माताजी मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी चंबल नदी में बह गई। SDRF की टीम ने एक व्यक्ति को बचा लिया, बाकी की तलाश जारी है।
पाली में रेलवे ट्रैक के नीचे से बह गई मिट्टी
पाली जिले में भारी बारिश के चलते रेलवे लाइन के नीचे से मिट्टी बह गई है। इससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है और कुछ के संचालन में देरी हो रही है।
जयपुर में 12 घंटे से बारिश, जलजमाव की स्थिति
राजधानी जयपुर में सोमवार शाम से बारिश का सिलसिला जारी है, जो मंगलवार सुबह तक भी थमा नहीं। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट जरूर आई, लेकिन शहर के कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को खासी परेशानी हो रही है। कई कॉलोनियों में घरों के अंदर पानी घुस गया है। माधोराजपुरा में सबसे अधिक 52MM बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि दूदू में 37MM, फागी में 35MM बारिश हुई।
कहां कितनी बारिश हुई?
चित्तौड़गढ़ के भैंसरोडगढ़ में सर्वाधिक 174MM बारिश हुई। इसके अलावा भीलवाड़ा के बिजौलिया में 172MM, टोंक के दूनी में 146MM, उदयपुर के सायरा में 94MM, गंगानगर के मुकलावा में 97MM, कोटा के मंडाना में 111MM, नागौर के डेगाना में 85MM और पाली में 76MM बारिश दर्ज की गई।
102% ज्यादा हुई अब तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में इस मॉनसून सीजन में अब तक सामान्य से 102 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं।
आपदा प्रबंधन सक्रिय
राज्य सरकार और जिला प्रशासन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। SDRF और पुलिस टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।


