
जयपुर । राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार जताया। उन्होंने जनादेश को सत्य की विजय बताते हुए कहा कि इससे डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास की नीतियों को जनता का समर्थन मिला है। पीएम ने विजयी प्रत्याशियों और भाजपा कार्यकतार्ओं को भी बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर जनता का आभार जताते हुए इसे झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता के इस जनादेश ने एक बार फिर डबल इंजन सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को अपना पूरा समर्थन दिया है। बता दें कि निकाय चुनाव में भाजपा ने 4,178 वार्डों में जीत दर्ज कर बढ़त बना ली है।
डबल इंजन सरकार की नीतियों पर जताया भरोसा-पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की जनता के जनादेश से यह एक बार फिर साफ हो गया है कि डबल इंजन सरकार की सुशासन एवं विकास की नीतियों को उनका पूरा समर्थन है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश राज्य के विकास को लेकर सरकार के संकल्प को और मजबूती देगा।
विकास और खुशहाली का संकल्प होगा मजबूत-प्रधानमंत्री ने कहा कि इस जनादेश से राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ ही जन-जन के जीवन में खुशहाली लाने का उनका संकल्प भी और सशक्त होगा। उन्होंने निकाय चुनाव के परिणाम को भाजपा की नीतियों और सरकार के कामकाज पर जनता के भरोसे के रूप में पेश किया।
विजयी प्रत्याशियों और कार्यकतार्ओं को बधाई-पीएम मोदी ने राजस्थान नगर निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी प्रत्याशियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के समर्पित और परिश्रमी कार्यकतार्ओं के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों के साथ भाजपा कार्यकतार्ओं को अपनी शुभकामनाएं दीं।
राजस्थान चुनाव में अब तक का गणित क्या है?
राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने 4,178 वार्डों में जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस 3,612 वार्डों में विजयी रही। निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 2,273 वार्डों में जीत हासिल की। चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
16 को इन जगहों पर फिर से होगी वोटिंग-मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण चार निकायों के कुछ वार्डों के नतीजे अटक गए। इसके चलते जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के साथ सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं। अब जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के 10 मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान होगा। इसकी मतगणना 17 सितंबर को की जाएगी।



