पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौकशी के एक अभियुक्त को किया गिरफतार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर । शेरकोट इलाके के जंगल में गौकशी कर रहे अभियुक्तों में से एक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है,जबकि तीन अभियुक्त फरार होने में कामयाब हो गये। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है। पकड़े गये अभियुक्त से पुलिस ने गौवध में प्रयुक्त उपकरण व तमंचा तथा कारतूस आदि बरामद किये है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजीव बाजपेई ने बताया कि शेरकोट इलाके के महमदाबाद गांव के जंगल में गोकशों के मौजूद होने की पुलिस को सूचना मिली, पुलिस ने जंगल में चार अभियुक्तों को घेर लिया। पुलिस को देखकर अभियुक्तों ने फायरिंग शुरु कर दी,आत्मरक्षार्थ चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी। मौका पाकर तीन अभियुक्त फरार होने में कामयाब हो गये ,जबकि एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया अभियुक्त गांव महामदाबाद निवासी मकसूद बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से गौवंशीय अवशेष के अलावा एक तमंचा 315 बोर,दो जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है। अभियुक्त से गौवध में प्रयुक्त उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए है। पुलिस अब फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है।



