कैराना
इंडियन बैंक की मनमानी से ग्रामीण भड़के, ताला लटकी शाखा पर फूटा आक्रोश
ग्रमीणों के प्रदर्शन के बाद दो घंटे बाद खुला बैंक का ताला, मिली राहत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। ग्राम तित्तरवाड़ा स्थित इंडियन बैंक शाखा पर शनिवार को बैंक प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्धारित समय पर बैंक न खुलने और शाखा पर ताला लटका मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैंक परिसर में जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बैंक कर्मचारी बिना सूचना शाखा बंद कर गायब हो गए, जिससे खाताधारकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बैंक कर्मचारी आए दिन मनमाने ढंग से शाखा बंद कर देते हैं, जिससे किसान, मजदूर और बुजुर्ग खाताधारक लेनदेन से वंचित रह जाते हैं। घंटों इंतजार के बाद भी बैंक न खुलने से लोगों का सब्र जवाब दे गया और भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहसिन चौधरी ने बैंक कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शाखा में न तो नियमित रूप से बैंक रजिस्टर में एंट्री की जाती है और न ही किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की सुविधा दी जा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हंगामे के दौरान ब्रांच मैनेजर महक सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया और बैंक का दरवाजा खोलने तक की जहमत नहीं उठाई, जिससे लोगों का रोष और भड़क गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहसिन चौधरी ने इंडियन बैंक मेरठ जोन के डायरेक्टर जनरल मैनेजर संतोष कुमार से फोन पर संपर्क किया। इस पर जोनल अधिकारी ने सोमवार को स्वयं तित्तरवाड़ा पहुंचकर शाखा का निरीक्षण करने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद बैंक का दरवाजा खोला गया, तब जाकर खाताधारकों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बैंक प्रशासन ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।