गाजियाबाद
भजन कार्यक्रम पर रोक को लेकर यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
पुलिस पर तानाशाही का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी दिल्ली : यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने गोतमपुरी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले भजन कार्यक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस पर हस्तक्षेप और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। संगठन ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
पत्र के अनुसार, 22 फरवरी 2026 की रात गोतमपुरी, गली नंबर 7 स्थित रामलीला मैदान में “भजन बलिदानी इंडिया” का तीसरा कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। संगठन का दावा है कि कार्यक्रम के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और स्थानीय सहयोग से धन एकत्रित कर आयोजन किया जा रहा था। आरोप है कि स्थानीय नॉर्थ ईस्ट पुलिस ने बिना किसी स्पष्ट कारण के मैदान को ओपन एरिया बताते हुए कार्यक्रम की तैयारियां रुकवा दीं और सामान भी हटवा दिया।
यूनाइटेड हिंदू फ्रंट का कहना है कि संबंधित रामलीला मैदान चारों ओर से बंद है और वहां पूर्व में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने की बात कहते हुए इसे हर हाल में रोकने का रुख अपनाया।
पत्र में यह भी कहा गया है कि इस तरह की कार्रवाई से बच्चों के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न हो रही है तथा स्थानीय हिंदू समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। संगठन ने दावा किया कि क्षेत्र में पहले बड़ी संख्या में हिंदू परिवार निवास करते थे, लेकिन समय के साथ उनकी संख्या में कमी आई है।
यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि वे मामले में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से आयोजित किया जा सके।
इस पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार के गृह मंत्री तथा दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।


