ललितपुर

दैलवारा में झूलते जर्जर बिजली तारों से हादसे का खतरा

तालाब के पास ट्रांसफार्मर से जुड़े तार आए दिन टूटकर गिरने की शिकायत

स्कूल बसों और ग्रामीणों की आवाजाही के बीच ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। ग्राम दैलवारा में तालाब के पास स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर से जुड़े जर्जर और नीचे झूल रहे बिजली के तार ग्रामीणों के लिए परेशानी और हादसे का कारण बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि तार बेहद नीचे तक लटक रहे हैं और आए दिन टूटकर नीचे गिर जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह बुंदेला सहित ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि तालाब के पास स्थित ट्रांसफार्मर से निकलने वाले विद्युत तार काफी नीचे झूल रहे हैं। जिस रास्ते से ये तार गुजरते हैं, उसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली स्कूल बसें और वैन भी निकलती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, नीचे लटकते तारों के वाहनों के संपर्क में आने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा गांव के लोगों का भी इसी रास्ते से लगातार आवागमन होता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि दुर्घटना होने का इंतजार करने के बजाय जर्जर तारों को तत्काल हटाकर नए तार उचित ऊंचाई पर लगाए जाएं। ज्ञापन में ग्रामीणों ने गांव में विद्युत आपूर्ति की समस्या भी उठाई है। उनका कहना है कि रात होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने गांव में नियमित और सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। भारतीय किसान संघ और ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्युत अधिकारियों को तत्काल निर्देश देने की मांग की है। ज्ञापन में जर्जर तारों को बदलने, उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने, ट्रांसफार्मर से जुड़ी विद्युत व्यवस्था की जांच कराने तथा गांव में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के तारों की स्थिति को देखते हुए समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। ज्ञापन देने वालों में प्रांत मंत्री शिवराज सिंह पटेल, प्रान्त उपाध्यक्ष केहरसिंह, वरिष्ठ जिला मंत्री कृष्णकान्त कांकर, जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह बुंदेला, युवा अध्यक्ष बलराम श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष महेंद्र कुमार गौतम, नगर मंत्री वीरेन्द्र कुमार जैन, जिला उपाध्यक्ष सोहनलाल विश्वकर्मा के अलावा रामसिंह बुंदेला, अजय सिंह, रणजीत सिंह, कुंवर सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button