गोड्डा

जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोड्डा अंतर्गत जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के कार्यों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कहा गया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के द्वितीय चरण का मुख्य उद्देश्य गांवों को खुले शौच मुक्त (ओडीएफ) बनाए रखना और ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई के स्तर में सुधार लाना है। ओडीएफ प्लस के तहत गांवों में ठोस कचरा एवं तरल कचरा प्रबंधन की संरचना निर्माण हेतु सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर मुखिया एवं पंचायत सचिव के साथ प्रखंड स्तरीय बैठक की जाए। बैठक में उपायुक्त के द्वारा खुले में शौच मुक्त के तहत शौचालय का निर्माण एवं फेज-2 से जुड़े कार्यों के बारे में जानकारी ली और कम प्रगति वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण एवं कार्यमुक्त करते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के द्वारा गोड्डा जिला अन्तर्गत पेयजल आपूर्ति से संबंधित जल जीवन मिशन के विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उपायुक्त के द्वारा संबंधित एजेंसियों से प्रखंडवार प्रोग्रेस रिपोर्ट में आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उन्होंने पेयजलापूर्ति योजनाओं के तहत विभिन्न कार्यों यथा हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए जलापूर्ति योजना के तहत सभी कार्य शीघ्र पूरा करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यपालक अभियंता संजय शर्मा, जिला समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद, संजीव रंजन, सभी कनीय अभियंता, समन्वयक, एजेंसी आदि उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button