मेरठ

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले एमआईईटी में एआई प्री-इवेंट का आयोजन

स्वदेशी एआई और ‘वर्क फॉर इंडिया’ पर जोर, छात्रों से नवाचार का आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। नई दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाली इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पूर्व एमआईईटी, मेरठ में एक प्री-इवेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “एआई युग के लिए मानव कौशल की क्षमता बढ़ाना” रहा। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था, कौशल विकास तथा उद्योग और शिक्षा के बीच सहयोग को एआई के वर्तमान और भविष्य के दौर के अनुरूप ढालने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, शोधकर्ता और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) दिल्ली के सेंटर हेड जितेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि सी-डैक दिल्ली के सलाहकार अरविंद कुमार रहे। अपने संबोधन में जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की समस्याओं का समाधान भारतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकसित स्वदेशी एआई तकनीकों से ही संभव है। उन्होंने छात्रों से “वर्क फॉर इंडिया” की भावना के साथ नवाचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एआई आधारित समाधान स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और सार्वजनिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में देश की आवश्यकताओं के अनुरूप होने चाहिए।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पैनल चर्चा रही, जिसका विषय “एआई युग के लिए लोगों की क्षमता बढ़ाना” था। पैनल चर्चा में सी-डैक दिल्ली की वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका जैन, एआई शोधकर्ता श्री मयंक शर्मा तथा लीड प्लेटफॉर्म एआई इंजीनियर श्री मोहम्मद उमर आलम ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने उभरती एआई तकनीकों, आवश्यक कौशल, शिक्षा पद्धति में बदलाव और जिम्मेदार (नैतिक) एआई पर सरल शब्दों में प्रकाश डाला।
संवादात्मक सत्र में छात्रों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए भविष्य की नौकरियों, शोध के अवसरों और उद्योग–शिक्षा समन्वय से जुड़े प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का आयोजन कैंपस डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) एस. के. सिंह तथा डीन कंप्यूटर साइंस प्रो. डॉ. नरेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का समन्वय विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस एवं आईटी डॉ. स्वाति शर्मा और श्रिष्टि वशिष्ठ द्वारा किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button