गोड्डा

पथरगामा को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कवायद तेज, 

बीडीओ ने दुकानदारों के साथ की अहम बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा  :– पथरगामा को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नीतीश कुमार गौतम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्थानीय ठेला-खोमचा विक्रेता, फल-सब्जी विक्रेता, बस स्टैंड संचालक तथा दुकानदार बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के दौरान बीडीओ ने साफ शब्दों में कहा कि पथरगामा में जाम की समस्या अब बर्दाश्त के काबिल नहीं रह गई है और इसे खत्म करने के लिए अतिक्रमण हटाना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि कलाली मोड़ से लेकर लकड़ी मिल मोड़ तक हर दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता के साथ-साथ एंबुलेंस और वरीय अधिकारियों के आवागमन में भी दिक्कत होती है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्य चौक पर अवैध रूप से लगने वाले सभी ठेले-खोमचे हटाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्य चौक के समीप ही एन.जी. उच्च विद्यालय और बालक मध्य विद्यालय स्थित हैं। विद्यालय की छुट्टी के समय जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को परेशानी होती है।
बीडीओ ने मंदिर परिसर को भी अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही और वहां कचरा नहीं फेंकने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो संबंधित व्यक्तियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पथरगामा प्रशासन की इस्पाल को स्थानीय लोगों द्वारा सराहा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पथरगामा जाम और अतिक्रमण की समस्या से निजात पा सकेगा ।
 बैठक में दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में अजय भगत, राजू साह, राजेश भगत, जितेंद्र दास, रूपेश मोदी, बादल कुमार, दिलीप भगत, रामानंद कुमार सहित कई दुकानदार उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button