गोड्डा
एसडीपीओ व नगर थाना प्रभारी ने वृद्धाश्रम में किया कंबल वितरण
बेटे-बहू से प्रताड़ित बुजुर्गों से रूबरू हुए एसडीपीओ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: शनिवार को एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में शहर के मूलर्स टैंक के समीप स्थित वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच कंबल एवं नाश्ते का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, सदर प्रभाग के निरीक्षक मधुसुदन मोदक तथा महिला थाना की थानेदार गुलाब किस्पोट्टा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। पुलिस अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं। कई बुजुर्गों ने एसडीपीओ को अपनी पारिवारिक व्यथा बताते हुए कहा कि उन्हें अपने ही बेटे-बहू द्वारा प्रताड़ित कर आश्रम में रहने को मजबूर किया गया है। यह सुनकर एसडीपीओ ने गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि माता-पिता को इस उम्र और कड़ाके की ठंड में आश्रम में जीवन बिताना पड़ रहा है।एसडीपीओ ने यह भी चिंता जताई कि जिला मुख्यालय के आसपास के गांवों से आए कई बुजुर्ग भी आश्रम में रह रहे हैं। उन्होंने आश्रम संचालक अमित मंडल को बुजुर्गों की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। कंबल और नाश्ता पाकर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग काफी प्रसन्न नजर आए। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी पुलिस परिवार की ओर से बुजुर्गों के बीच कंबल वितरण किया जा चुका है। साथ ही ठंड से बचाव के लिए अलाव की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।




