हापुड़ में लुटेरी दुल्हन का चेहरा सामने आया…
शादी के अगले दिन दुल्हन फरार, लाखों के जेवर ले जाने का आरोप....

सीसीटीवी के कैद हुई लुटेरी दुल्हन
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड (यूपी) – हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी गांव में शादी के अगले ही दिन नवविवाहिता के जेवर और नगदी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है।दुल्हा बने पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि देर रात दुल्हन घर से लाखों रुपये के सोने- चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गई है ।
जानकारी के मुताबिक, सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव लिसड़ी के युवक विनोद ने रामपुर स्थित एक मंदिर में पंडित के कहने पर युवती से शादी की थी । शादी के अगले ही दिन वह अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर अपने गांव लिसड़ी पहुंच गया। पीड़ित युवक का आरोप है कि देर रात में जब परिवार के लोग सो रहे थे, इसी दौरान नवविवाहिता घर से जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गई । सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई । उन्होंने दुल्हन को काफी तलाश किया लेकिन वह कहीं नहीं मिली।
इसके बाद पीड़ित युवक ने सिंभावली थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है ।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांचशुरू कर दी है,पुलिस दुल्हन की तलाश करने के साथ शादी से जुड़े लोगों और पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि वहीं जानकारी के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें लुटेरी दुल्हन तेज कदमों से जाती हुई दिखाई दे रही है ।
पीड़ित युवक ने बताया कि , रामपुर में एक मंदिर में मेरी शादी हुई थी जिसके बाद मैं उसे अपने घर ले आया । यहां वह एक रात और एक दिन ही साथ रही थी । दूसरी रात को वह कहीं चली गई । जो सोने चांदी के जेवर पहन रखे थे , वो ले गई और जो रुपये पैसे मिले थे ,वो भी ले गई । मेरी शादी रामपुर में एक मंदिर के पंडितजी ने कराई थी जो मुझे दो तीन महीने पहले मिले थे । लड़की की मां को एक लाख रुपए नगद दिए थे । मेरी पत्नी अभी नहीं मिली है । पुलिस में शिकायत की है ।



