सीवर लाइन का अधूरा काम बना मुसीबत, गड्ढे में धंसी कार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। वार्ड क्रमांक 32 नवजीवन विहार स्थित शिवाजी कॉम्प्लेक्स के पीछे सीवर लाइन का काम करने के बाद संविदाकार द्वारा सड़क को आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क पर बने गड्ढे और अव्यवस्थित कार्य के चलते आज एक स्विफ्ट डिजायर कार गड्ढे में धंस गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, हालांकि वाहन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को गड्ढे से निकालने का प्रयास किया गया। मौके पर वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद अनिल वैश्य भी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने सीवर लाइन का काम करने वाले संविदाकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि काम पूरा करने के बाद सड़क को व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया। सड़क पर बने गड्ढे से आए दिन हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा?
घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रदेश सरकार, नगर निगम और संबंधित संविदाकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने मांग की है कि अधूरे सीवर कार्य की जांच कराकर जिम्मेदार संविदाकार के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सड़क को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
अब देखना यह होगा कि घटना के बाद नगर निगम प्रशासन जिम्मेदार संविदाकार के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है और सड़क को कब तक सुरक्षित एवं आवागमन योग्य बनाया जाता है।



