गोड्डा
मधुस्थली पब्लिक स्कूल ने बेथेल मिशन को 44 रनों से हराया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित रितेश मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर थ्री मुकाबले में मधुस्थली पब्लिक स्कूल ने बेथेल मिशन को 44 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। स्थानीय गांधी मैदान में खेले गए 30-30 ओवर के मुकाबले में जीत के साथ मधुस्थली की टीम ने फाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुस्थली पब्लिक स्कूल की टीम ने 23.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 141 रन बनाए। टीम की ओर से दिग्विजय ने 33 रन, शिवम ने 31 रन और मोहम्मद काशिफ ने 27 रनों का योगदान दिया। वहीं, बेथेल मिशन की ओर से अर्जुन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेथेल मिशन की टीम मधुस्थली के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 97 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बेथेल मिशन की ओर से अर्जुन ने 32 और प्रियांशु ने 26 रन बनाए। मधुस्थली की ओर से मोहम्मद काशिफ ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में महज 15 रन देकर पांच विकेट चटकाए। इस तरह मधुस्थली ने मुकाबला 44 रनों से अपने नाम कर लिया। मधुस्थली की जीत के असली हीरो मोहम्मद काशिफ रहे। उन्होंने बल्लेबाजी में 29 गेंदों पर 27 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि जिला क्रिकेट संघ के आजीवन सदस्य बंटी गाड़िया ने उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। टूर्नामेंट के सुपर थ्री का अगला मुकाबला 12 नवंबर 2026 को स्पार्टन एकेडमी महागामा और मधुस्थली पब्लिक स्कूल के बीच खेला जाएगा। मैच में अंपायर की भूमिका विजय कुमार एवं प्रभु ने निभाई, जबकि स्कोरर मोहम्मद तौसीफ थे।


