दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

लोकसभा सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भड़के कपिल सिब्बल

विपक्ष को दी चेतवानी, बोले- फंसे तो नहीं बचेगा लोकतंत्र

नई दिल्ली । कपिल सिब्बल ने विपक्षी दलों को चेताया है कि वे सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने के कथित प्रस्ताव को स्वीकार न करें। उनका दावा है कि इससे उत्तर भारत के राज्यों को ज्यादा फायदा होगा और भाजपा की राजनीतिक स्थिति मजबूत हो सकती है। लेकिन क्या सरकार वास्तव में ऐसा प्रस्ताव ला रही है? क्या परिसीमन से राज्यों का प्रतिनिधित्व बदल जाएगा? विपक्ष इस मुद्दे पर क्या फैसला करेगा?
देश में लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने विपक्षी दलों को चेतावनी दी है कि वे सरकार की ओर से सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव के झांसे में न आएं। उन्होंने दावा किया कि इस फॉमूर्ले से उत्तर भारत के उन राज्यों को ज्यादा फायदा होगा, जहां भाजपा की मजबूत राजनीतिक मौजूदगी है। सिब्बल के मुताबिक, अगर विपक्षी दल इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो भविष्य में भाजपा को लगातार सत्ता में बने रहने का फायदा मिल सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर भाजपा अपने इस प्रयास में सफल होती है तो देश में लोकतंत्र नहीं बचेगा।
सरकार विपक्ष को 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव क्यों दे रही?
कपिल सिब्बल ने दावा किया कि भाजपा लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए 362 सांसदों के समर्थन का आंकड़ा जुटाने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों को यह प्रस्ताव दिया जा रहा है कि 2027 की जनगणना और उसके आधार पर होने वाले नए परिसीमन का इंतजार करने के बजाय सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ा दी जाएं। सिब्बल ने कहा कि इस व्यवस्था में तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 और उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो जाएंगी। उनका तर्क है कि सीटें बढ़ने के बाद भी उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे राजनीतिक रूप से भाजपा को फायदा होगा।
किन राज्यों को सीटें बढ़ने से ज्यादा फायदा मिलने का दावा किया गया?
सिब्बल ने कहा कि प्रस्तावित फॉमूर्ले से कई ऐसे राज्यों को अधिक सीटें मिलेंगी, जहां भाजपा की सरकार है या उसका मजबूत राजनीतिक प्रभाव है। उन्होंने कुछ राज्यों के मौजूदा और प्रस्तावित सीटों के आंकड़े भी बताए।
मध्य प्रदेश में लोकसभा सीटें 29 से बढ़कर 43 हो सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में 42 से बढ़कर 63 सीटें हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में 80 से बढ़कर 120 सीटें हो सकती हैं।
आंध्र प्रदेश में 25 से बढ़कर 37 सीटें हो सकती हैं।
गुजरात में 26 से बढ़कर 39 सीटें हो सकती हैं।
महाराष्ट्र में 48 से बढ़कर 72 सीटें हो सकती हैं।
तमिलनाडु में 39 से बढ़कर 59 सीटें हो सकती हैं।
सिब्बल का कहना है कि उत्तर भारत में सीटों की संख्या बढ़ने से भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल सकता है, क्योंकि दक्षिण भारत में उसकी मौजूदगी उत्तर भारत की तुलना में कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय की जा सकती हैं, जिससे विपक्षी दलों के लिए चुनाव जीतना मुश्किल हो जाए।
परिसीमन को लेकर सिब्बल ने भाजपा पर क्या आरोप लगाए?
सिब्बल ने आरोप लगाया कि असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया भाजपा के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर की गई थी। उन्होंने कहा कि अगर मौजूदा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया तो भविष्य में निर्वाचन क्षेत्रों का गठन भी राजनीतिक उद्देश्यों के हिसाब से किया जा सकता है। उनके मुताबिक, परिसीमन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करते हैं और परिसीमन कानून के तहत आयोग के फैसलों को चुनौती देने की गुंजाइश सीमित है। सिब्बल ने विपक्षी दलों को चेतावनी दी कि वे किसी पद, मंत्री पद या राजनीतिक फायदे के लालच में इस प्रस्ताव का समर्थन न करें। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को देश और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए। उनका दावा है कि अगर विपक्ष ने इस प्रस्ताव पर सहमति दे दी तो भविष्य में सत्ता परिवर्तन मुश्किल हो सकता है।
महिला आरक्षण और परिसीमन का आपस में क्या संबंध है?
सिब्बल ने जिस प्रस्ताव का जिक्र किया है, उसका संबंध महिला आरक्षण कानून को लागू करने और लोकसभा सीटों के परिसीमन से भी है। उनके मुताबिक, सरकार संविधान संशोधन के जरिए इन दोनों विषयों पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास लोकसभा में अपने दम पर 362 सांसदों का समर्थन नहीं है और उसे दूसरे दलों के सहयोग की जरूरत पड़ेगी। इसी वजह से विपक्षी दलों को सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। सिब्बल ने दावा किया कि अगर इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन हुआ तो इसका राजनीतिक असर लंबे समय तक रहेगा। उन्होंने विपक्ष से कहा कि इस मुद्दे को केवल सीटें बढ़ने के रूप में न देखें, बल्कि यह भी समझें कि इससे अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व और चुनावी मुकाबला किस तरह प्रभावित हो सकता है।
संसद का शीतकालीन सत्र घोषित नहीं होने पर सिब्बल ने क्या सवाल उठाए?
सिब्बल ने संसद के शीतकालीन सत्र की घोषणा नहीं होने और मानसून सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार के इस कदम को असंवैधानिक बताया। संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद भी औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया है। यानी सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ है।
इससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार उसी सत्र को आगे बढ़ाकर कम समय के नोटिस पर संविधान संशोधन विधेयक पेश कर सकती है। एक ही सत्र के भीतर विशेष बैठक बुलाने के लिए कम से कम दो दिन का नोटिस जरूरी होता है, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन का नोटिस देना पड़ता है। संसद के इतिहास में 1975, 1979, 1984 और 2020 में शीतकालीन सत्र नहीं हुआ था। मानसून सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त न करने की यह अवधि 2008 के 87 दिनों के पुराने रिकॉर्ड से भी आगे निकल चुकी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button