बेतुल
बैतूल कोटवारों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
31 अक्टूबर को भोपाल में आंदोलन की तैयारी

मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को दिया मांग पत्र, सेवा भूमि पर मालिकाना हक सहित तीन मांगें उठाईं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मध्य प्रदेश के 38 हजार कोटवारों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर म.प्र. आजाद कोटवार कर्मचारी संघ की बैतूल जिला शाखा ने 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर 31 अक्टूबर को भोपाल में प्रदेशव्यापी आंदोलन करने की बात कही है।
शहीद भवन परिसर में जिलेभर के कोटवार एकत्र हुए। इसके बाद संघ के प्रांतीय अध्यक्ष हरवीर यादव, जिला अध्यक्ष लखन मालवीय और जिला सचिव श्याम पंडोले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन में वर्ष 1916-17 में मालगुजारों द्वारा कोटवारों को दी गई सेवा भूमि पर वर्ष 2007 की महापंचायत में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप मालिकाना हक देने, वर्तमान में पदस्थ सभी कोटवारों को नियमित करने और वर्दी की राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराने की मांग की गई है।
संघ ने शासन से तीनों मांगों का शीघ्र निराकरण करने की अपील की है। मांगें पूरी नहीं होने पर 31 अक्टूबर को प्रदेशभर के कोटवार भोपाल में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।




