
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। बुधवार को समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी न केवल एक परिवार की गरिमा पर आघात है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाओं के भी विपरीत है। कार्यकर्ताओं ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।इस दौरान घनेन्द्र यादव ने कहा कि सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।उधर, सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस प्रकार की टिप्पणियों की निंदा करते हुए शालीनता और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। ज्ञापन सौंपने वालों में घनेंद्र यादव, सांसद प्रतिनिधि नसीम मियां वसीम खां, बदन सिंह, रोहित कुमार, आकाश सहित अन्य समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



