मिशन शक्ति अभियान जारी महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत गुरुवार को जनपद संभल में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी चंदौसी दीपक कुमार के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को 1090 महिला शक्ति हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही मोबाइल के पैनिक बटन और आपातकालीन सहायता सेवाओं के उपयोग की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। जनपद पुलिस द्वारा यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि महिलाएं बिना किसी भय के अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।


