
ब्रह्माकुमारी वरदानी भवन में पांच दिवसीय शिविर संपन्न
प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व ईश्वरीय सौगातें प्रदान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के वरदानी भवन में आयोजित पांच दिवसीय डिवाइन समर कैम्प का समापन समारोह गुरुवार को उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों ने पांच दिनों के दौरान प्राप्त नैतिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षाओं का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समापन समारोह में बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता, योग एवं प्रेरणादायक वक्तव्यों के माध्यम से आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण और सेवा भावना से संबंधित प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। राजयोगिनी बीके चित्ररेखा दीदी ने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक शिक्षा और संस्कारों की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समर कैम्प के माध्यम से बच्चों में आत्म-जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास हुआ है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए वरदानी भवन में प्रत्येक माह एक रविवार को बच्चों के बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को लॉकेट स्मृति चिन्ह, स्लोगन कार्ड एवं ईश्वरीय सौगातें प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस शिविर ने बच्चों के व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। ईश्वरीय स्मृति, राजयोग मेडिटेशन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विश्व कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ पांच दिवसीय डिवाइन समर कैम्प का सफलतापूर्वक समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम में संस्कारवान बालक ही श्रेष्ठ समाज और स्वर्णिम भविष्य की आधारशिला हैं का संदेश गूंजता रहा। अंत में सभी उपस्थितजनों ने भोग ग्रहण कर कार्यक्रम का समापन किया।



