शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती पर याद किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल/चंदौसी। महापुरुष स्मारक समिति एवं सर्व समाज जागरूकता अभियान (भारत) के संयुक्त तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी, कवि एवं क्रांतिकारी शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की जयंती सीता रोड स्थित नीलम हॉस्पिटल में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कवि माधव मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलम हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. महेश कुमार गुप्ता ने तथा संचालन डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर डॉ. निशा गुप्ता, डॉ. नितिन कौशिक, पंडित सुरेश चंद्र शर्मा, अंकित वार्ष्णेय, पंकज अग्रवाल और आशीष कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य वक्ता कवि माधव मिश्र ने शहीद रामप्रसाद बिस्मिल के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बिस्मिल केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि उच्च कोटि के कवि, राष्ट्रभक्त और युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए बिस्मिल ने अपने प्राणों की आहुति दे दी, लेकिन कभी अपने निजी स्वार्थ या परिवार के भविष्य की चिंता नहीं की। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने काकोरी कांड, हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन की स्थापना और अंग्रेजी शासन के खिलाफ बिस्मिल के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके बलिदान ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और गति प्रदान की। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रामप्रसाद बिस्मिल का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार और बलिदान आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में उपस्थित लोगों ने शहीद बिस्मिल को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समारोह में अनुपम, निधि, ज्योति, मोहम्मद अनस, हरिकिशोर, कंचन, प्रवेश कुमारी, सोनाक्षी, आयुषी, मोहम्मद इस्लाम, विजयपाल, मुजाहिद अली, फूल सिंह यादव, नरवीर यादव, पुष्पेंद्र कुमार, राकेश, मोहम्मद नईम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

