गाजियाबाद
युवती को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म व तीन लाख की ठगी
चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : एमएम रोड अंकुर विहार निवासी नेहा बी पुत्री मोहम्मद हसन ने थाने में लिखित तहरीर देकर एक युवक और उसके परिजनों पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, मारपीट, धमकी व ठगी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी बहन के घर रहती है। कुछ वर्ष पहले उसकी दोस्ती शरीफगंज, कटिहार (बिहार) निवासी नदीम आलम उर्फ राजा पुत्र मुस्तकीम आलम से हुई थी। दोनों कभी-कभी मिलने-जुलने लगे। इसी दौरान आरोपी ने उसकी कुछ तस्वीरें ले लीं और बाद में उन्हें परिवार को दिखाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने बदनाम करने और तेजाब डालने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए तथा उसका वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता के अनुसार, वीडियो वायरल करने की धमकी के कारण वह भयभीत रही और किसी को कुछ नहीं बताया। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने कई बार जबरदस्ती संबंध बनाए। 2 मार्च 2025 को उसने इसकी शिकायत की, जिसके बाद कुछ समय तक सब सामान्य रहा। बाद में आरोपी ने दोबारा धमकाना शुरू कर दिया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये व गहनों की मांग करने लगा।
दबाव में आकर पीड़िता ने 19 जनवरी को अपनी बहन के घर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के गहने व नकदी निकालकर चांदनी चौक के पास आरोपी को दे दिए। आरोप है कि आरोपी ने उसका फोन भी छीन लिया और शादी के लिए दबाव डालते हुए उसे अपने साथ कटिहार ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी की मां गुड़िया, बहन रुबी और मामा जियाउद्दीन ने भी उसका सहयोग किया तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक 27 जनवरी 2026 को आरोपी उसे कटिहार से लाकर आनंद विहार स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी पक्ष द्वारा फोटो और वीडियो भेजकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नदीम आलम उर्फ राजा, उसकी मां गुड़िया, बहन रुबी और मामा जियाउद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



