
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज बरेली में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबलों में मणिपुर और पश्चिम बंगाल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए। बालक वर्ग में मणिपुर ने उत्तराखंड को मात दी, जबकि बालिका वर्ग में गत विजेता पश्चिम बंगाल ने एक बार फिर बेहतरीन खेल दिखाते हुए राजस्थान को पराजित किया।
बालक वर्ग : मणिपुर ने उत्तराखंड को 3-1 से हराया
फाइनल में मणिपुर की टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए पहला सेट 25-15 से जीता। दूसरे सेट में उत्तराखंड ने 25-20 से वापसी की, लेकिन इसके बाद मणिपुर ने लय पकड़ ली और अगले दो सेट 25-23 व 25-19 से जीतते हुए 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया।
यूपी की टीम कांस्य पदक मुकाबले में उतरी और सीबीएसई को 3-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग : पश्चिम बंगाल ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता
पिछले वर्ष की विजेता पश्चिम बंगाल की टीम ने इस बार भी अपना दबदबा कायम रखते हुए राजस्थान को 3-0 से पराजित किया।
टीम ने पहला सेट 25-15, दूसरा 25-19 और तीसरा 25-7 से अपने नाम करके एकतरफा जीत दर्ज की।
कांस्य पदक मुकाबले में केरल ने हिमाचल प्रदेश को 25-22, 25-15, 25-5 से हराया।
कप्तान की चोट से डगमगाई यूपीबाकी टीम
पिछली बार उपविजेता रही उत्तर प्रदेश को इस बार तीसरा स्थान ही मिल सका। उत्तराखंड के खिलाफ सेमीफाइनल में यूपी के कप्तान अबुजर चोटिल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। कप्तान के बाहर होने से टीम की लय टूट गई, जिसका असर प्रदर्शन पर साफ दिखा।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
समापन समारोह में बालक और बालिका वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी:
बेस्ट लिबरो — राघव मलिक (गुजरात)
बेस्ट मिडल ब्लॉकर — मो. अनस (उत्तर प्रदेश)
बेस्ट अपोजिट हिटर — हर्ष (उत्तराखंड)
बेस्ट हिटर — सोंरो खाईबान (मणिपुर)
बेस्ट आउटसाइड स्पाइकर — वंश मयूम (मणिपुर)
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर — रफीक (उत्तराखंड)
बालिका वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी:
बेस्ट लिबरो — आदित्या खेरा
बेस्ट मिडल ब्लॉकर — सन्नंया (पश्चिम बंगाल)
बेस्ट अपोजिट हिटर — इसाना (राजस्थान)
बेस्ट हिटर — पलामी (पश्चिम बंगाल)
बेस्ट आउटसाइड स्पाइकर — शानू (हिमाचल प्रदेश)
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर — नीतू (पश्चिम बंगाल)
पुरस्कार वितरण समरोहा में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव, संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।




