हजारीबाग
सीसीएल विद्या सारथी योजना का हुआ शुभारंभ
40 होनहार विद्यार्थियों को मिलेगी मेडिकल और इंजीनियरिंग की नि:शुल्क कोचिंग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) हजारीबाग क्षेत्र की ओर से शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल, तापीन में ‘सीसीएल विद्या सारथी योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस योजना का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि, महाप्रबंधक (हजारीबाग क्षेत्र) कल्याणजी प्रसाद द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (ऑपरेशंस) जी. सत्यनारायण, परियोजना अधिकारी (परेज़) एस. के. सिंह, एसओ (सेफ्टी), एसओ (पीएंडपी), डीएवी तापीन के प्राचार्य तथा आसपास के सरकारी विद्यालयों के प्राचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। सीसीएल की इस सीएसआर (CSR) पहल के तहत हजारीबाग कमांड क्षेत्र से 40 मेधावी और पात्र विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। यह 2-वर्षीय गैर-आवासीय (Non-residential) कार्यक्रम विशेषज्ञ संस्था ‘NCSM’ के संचालन में आयोजित किया जा रहा है। विद्यार्थियों की नियमित स्कूली पढ़ाई बाधित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए कोचिंग की कक्षाएं केवल शनिवार और रविवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, तापीन के परिसर में संचालित की जाएंगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व स्थानीय क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी वित्तीय बाधा के अपने सपनों को साकार कर सकें।



