ललितपुर
शहीद राजेन्द्र शुक्ल बलिदान दिवस पर नगर में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महरौनी। नगर के शहीद पार्क में शुक्रवार को 1971 के भारत–पाक युद्ध के वीर सपूत अमर शहीद राजेन्द्र शुक्ल के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे दिन शहीद को याद करने का सिलसिला चलता रहा और हर तरफ देशभक्ति की छटा दिखाई दी।
दिन की शुरुआत प्रातः कालीन बेला में स्कूली बच्चों की भव्य प्रभात फेरी से हुई। बच्चे हाथों में तिरंगा और बैनर लिए “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “अमर शहीद राजेन्द्र शुक्ल अमर रहें” के जोशीले नारे लगाते हुए नगर की मुख्य सड़कों से गुजरे। प्रभात फेरी का समापन शहीद पार्क में हुआ, जहां बच्चों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी।
मुख्य समारोह में शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। दोपहर में एसआई अरविन्द कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रध्वज और बैंड की गूँज के बीच पूरा परिसर मौन श्रद्धा में डूब गया।कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय बमोरी घाट के बच्चों ने बैंड द्वारा शानदार प्रस्तुति दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रजनीश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बडौनिया, पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष मिश्रा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी, पत्रकार, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शहीद की वीरता और राष्ट्र सेवा को नमन किया।
विदित हो कि महरौनी के लाल राजेन्द्र शुक्ल ने 1971 के भारत–पाक युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके सम्मान में हर वर्ष 5 दिसम्बर को नगर में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें प्रशासन और आमजन मिलकर शहीद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
भावनात्मक माहौल में सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता है। महरौनी को इस बात का गौरव है कि इस धरा ने ऐसे वीर सपूत को जन्म दिया, जिसकी देशभक्ति और साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमर शहीद राजेन्द्र शुक्ल स्मृति समारोह समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा । कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक पुष्पेन्द्र सिंह, सीवी गुप्ता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता, महेंद्र पीटीआई,पंकज जैन , राकेश द्विवेदी, दिनेश श्रीवास्तव, डॉ शतेद्र मलैया,अशोक शुक्ला ,पार्षद मुकेश श्रीवास्तव, अनिल शर्मा,उदयभान सिंह,अनूप अहिरवार, जाकिर अली, नीलेश लाला ,पवन मोदी,नूर मोहम्मद शिक्षक ,शाहिद सर आदि सहित स्मृति समारोह समिति के ठाकुर धीरज सिंह सिकरवार, प्रदीप पाठक, राजेश श्रीवास्तव ,कैलाश नारायण तिवारी, ठाकुर सूर्य प्रताप सिंह, बृजेश रिछारिया ,दीपक तिवारी, संजय भौडेले, सचिन सोनी ,जय हिन्द सिंघई ,सतीश सिंघई, सुमित मिठया ,पवन पटैरिया, बृजेश नायक ,श्री राम रैकवार, उमेश कुशवाहा, भरत कुशवाहा, राजू पेंटर आदि उपस्थित रहे।शहीद महोत्सव में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत निशा ,म्यूजिकल आर्कैस्ट्रा का आयोजन किया जायेगा ।