स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में जमशेदपुर को राष्ट्रीय सम्मान
National recognition for Jamshedpur in Swachh Survekshan 2025-26

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जमशेदपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जमशेदपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में महामहिम राष्ट्रपति ने शहर को सम्मानित किया। देशभर के 4,751 नगरीय निकायों की भागीदारी वाले इस सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 63 शहरों को सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया था। जमशेदपुर की इस उपलब्धि में बेहतर नगर प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, आधुनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण व्यवस्था और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की अहम भूमिका रही। आरआरआर केन्द्रों और जन-जागरूकता अभियानों ने भी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाया। इस अवसर पर झारखण्ड की ओर से नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, SUDA निदेशक सूरज कुमार, JNAC नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारी रविंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। यह सम्मान जमशेदपुर के प्रशासन, सफाई कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।



