बालाघाट
ब्राजील में जुटे विश्वभर के प्रतिनिधि, वैश्विक सहयोग पर जोर
जलवायु परिवर्तन पर वैश्विक मंथन, भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा :- विधायक पारधी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : ब्राजील में 6 और 7 अगस्त 2025 को आयोजित द्वितीय संसदीय शिखर सम्मेलन में जलवायु परिवर्तन और न्यायसंगत परिवर्तन पर दुनिया भर के प्रतिनिधियों ने मंथन किया। यह सम्मेलन लैटिन अमेरिका और कैरेबियन क्षेत्र में आयोजित हुआ, जिसका मुख्य विषय था — COP30 : पृथ्वी शिखर सम्मेलन के 33 वर्ष बाद, क्योटो प्रोटोकॉल के 20 वर्ष बाद और पेरिस समझौते के 10 वर्ष बाद।
मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी से भाजपा विधायक एवं युवा तुर्क नेता गौरव सिंह पारधी ने इस वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में विभिन्न देशों के सांसद, जलवायु विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए।
विधायक गौरव सिंह पारधी ने बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करना था। साथ ही, न्यायसंगत परिवर्तन के तहत ऐसे उपाय तलाशे गए जिससे विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन बनाया जा सके। उन्होंने कहा — “यह शिखर सम्मेलन भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जलवायु संकट किसी एक देश की चुनौती नहीं, बल्कि पूरे विश्व की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें सतत विकास के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।”
सम्मेलन के दौरान ऊर्जा संक्रमण, हरित प्रौद्योगिकी, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु वित्त जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। पारधी ने आशा जताई कि इस मंच से निकले सुझाव और संकल्प भविष्य में ठोस नीतियों का आधार बनेंगे।
एक विधायक का इस वैश्विक मंच तक पहुँचना न केवल जिले के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। क्षेत्रवासियों एवं सभी कार्यकर्ताओं ने विधायक गौरव सिंह पारधी को सफल यात्रा और ऐतिहासिक प्रतिनिधित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।



