बालाघाट
नागपुर लूट कांड: खेत से 3.74 करोड़ की नगदी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट: नागपुर में 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बालाघाट पुलिस के सहयोग से 3.74 करोड़ रुपये की नगदी बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, नागपुर पुलिस की टीम 24 नवंबर की सुबह वारासिवनी थाने पहुंची और वहां से संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की। आरोपी कृष्णा और अरविंद की निशानदेही पर बस्ती तालाब के पास अरविंद डहरवाल के खेत में तलाशी ली गई, जहां धान के पुवाल के ढेर में छिपाई गई तीन बोरियां मिलीं।
बोरियों को जब्त कर ग्राम पंचायत डोरली(माल) ले जाया गया, जहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने करीब सात घंटे तक नोटों की गिनती की। गिनती में 3.74 करोड़ रुपये निकले।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लूट के बाद नकदी को दूसरी गाड़ी में रखकर मध्यप्रदेश के चिखला होते हुए डोरली पहुंचाया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कार ट्रैकिंग के आधार पर दूसरी गाड़ी की जानकारी जुटाई और बालाघाट तक पहुंची। पुलिस ने डोरली(माल) के अरविंद डहरवाल और चिखला में रहने वाले उसके रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया है।
घटना 18 नवंबर की है, जब नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने अनाज एवं फाइनेंस व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर नकदी से भरी कार लूट ली थी। बदमाशों ने कार को कामठी के खैरी इलाके में छोड़ दिया और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले की जांच नागपुर क्राइम ब्रांच और शांतिनगर पुलिस कर रही थी। छह दिन के भीतर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर अधिकांश नगदी बरामद कर ली है ।



