ललितपुर
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जिले के सभी 1156 बूथों पर लगा विशेष कैंप
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने किया बूथों का औचक निरीक्षण

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरने की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत शनिवार को जनपद के सभी 1156 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में नए नाम जोडऩे और संशोधन की प्रक्रिया पूरी की गई। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित इन विशेष कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के योग्य हो रहे युवाओं के नाम शामिल करना रहा। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने अभियान के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। विशेष कैंपों में मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्रों पर कार्रवाई की गई। फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम जोडऩे, फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने से संबंधित अनुरोध तथा फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता विवरण में संशोधन, पता बदलने और अन्य निर्धारित सुधारों की प्रक्रिया पूरी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 1156 बूथों पर बीएलओ की मौजूदगी में अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और अपने विवरण में आवश्यक संशोधन कराने का अवसर मिला। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपदवासियों से अपील की कि जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर मतदान के अधिकार का उपयोग करने के लिए आगे आएं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाना तथा किसी भी पात्र मतदाता को पंजीकरण से वंचित न रहने देना है।



