ललितपुर

भगवाहा में पैमाइश को लेकर ग्रामीणों का विरोध

लेखपाल-कानूनगो पर मनमानी के आरोप

जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
निष्पक्ष जांच और पैमाइश पर रोक लगाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

ललितपुर। तहसील सदर के मौजा भगवाहा में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के दौरान भूमि पैमाइश को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लेखपाल और कानूनगो पर मनमाने ढंग से पैमाइश करने का आरोप लगाया है तथा निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि मौजा भगवाहा में चकबंदी प्रक्रिया के अंतर्गत भूमि की पैमाइश की जा रही है, लेकिन यह कार्य निष्पक्ष तरीके से नहीं किया जा रहा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पैमाइश के दौरान जमीन की वास्तविक स्थिति और मूल तथ्यों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कई किसानों और ग्रामीणों को नुकसान होने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा पैमाइश प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और लोगों की आपत्तियों को भी गंभीरता से नहीं सुना जा रहा। इससे गांव में असंतोष का माहौल है और कई लोग अपने अधिकारों को लेकर चिंतित हैं। ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि वर्तमान लेखपाल और कानूनगो को हटाकर किसी अन्य राजस्व अधिकारी अथवा स्वतंत्र टीम से दोबारा पैमाइश कराई जाए, ताकि सभी पक्षों को न्याय मिल सके। साथ ही जब तक मामले का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक संबंधित भूमि पर चल रही पैमाइश प्रक्रिया को रोकने की भी मांग की गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि निष्पक्ष पैमाइश से ही गांव में विवाद समाप्त हो सकेगा और लोगों का प्रशासन पर विश्वास बना रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button