ललितपुर
ट्रैक्टर से इकलौते पुत्र की मृत्यु होने पर कार्यवाही की मांग
घटना के ढ़ाई माह गुजरने पर भी कार्यवाही न होने से पीडि़त परिजन

पिता ने एसपी से मिलकर मांगा इंसाफ, एसपी ने अधीनस्थों को दिये निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। ट्रैक्टर से कुचलकर इकलौते पुत्र की मौत होने पर अब न्याय पाने के लिए मृतक का पिता दर-दर की ठोंकरे खा रहा है। यहां मृतक के पिता का आरोप है कि ट्रैक्टर क्षेत्र के प्रभावशाली नेता के पिता के नाम पर पंजीकृत होने के कारण कार्यवाही नहीं हो पा रही है। यह भी आरोप है कि थाना पुलिस से मिलीभगत कर उक्त लोगों द्वारा मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकरण को लेकर इंसाफ दिलाये जाने की गुहार लगाते हुये सोमवार को मृतक का पिता अपने भाई व रिश्तेदारों के साथ मुख्यालय पहुंचा, यहां पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर इंसाफ की गुहार लगायी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुये एसपी मो.मुश्ताक ने प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही करने के अधीनस्थों को निर्देश दिये।
थाना पूराकलां क्षेत्रांतर्गत ग्राम धमना निवासी विष्णु पुत्र विक्रय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया है। पत्र में पीडि़त ने बताया कि उसका 20 वर्षीय पुत्र लवकुश की ट्रैक्टर दुर्घटना में बीती 28 मई 2025 को मृत्यु हो गयी थी। घटना को लेकर पुलिस ने अगले दिन 29 मई को मु.अ.सं. 777/25 अज्ञात ट्रैक्टर व चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज किया था। घटना के करीब 15 दिन दिन बाद ट्रैक्टर व चालक का नाम ज्ञात कर विवेचना अधिकारी ने दर्ज किया, लेकिन अब ढ़ाई माह गुजरने के बाद भी न तो ट्रैक्टर जब्त किया गया और न ही चालक को हिरासत में लिया गया। घटना से जुड़े पांच बिन्दुओं को एसपी के समक्ष रखते हुये पीडि़त ने बताया कि घटना के 15 दिन बाद ट्रैक्टर पर मजदूरी कर रहे श्रमिकों ने स्थानीय लोगों को ट्रैक्टर व चालक के बारे में बताया, जिसके बाद कार्यवाही नहीं हुयी। बल्कि जब पीडि़त थाना पूराकलां पहुंचा तो वहां से पुलिस द्वारा पीडि़त पक्ष को ही ट्रैक्टर खोजने की बात कहते हुये भगा दिया जाता। पीडि़त का यह भी दावा है कि घटना का खुलासा होने के बाद ट्रैक्टर मौजूद रहा, लेकिन उसके बाद ट्रैक्टर गायब कर दिया गया और चालक आज भी खुलेआम घूम रहा है। वहीं पुलिस ने भी ट्रैक्टर की नम्बर प्लेट न होने पर एआरटीओ कार्यालय से ट्रैक्टर के नाम व नम्बर की जानकारी नही की। आरोप है कि ट्रैक्टर क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता का है, जिस कारण पुलिस की कार्यवाही शिथिल पड़ी हुयी है। पीडि़त ने एसपी से प्रकरण में कार्यवाही न होने पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये जीवन से आजिज आने की बात कही। पीडि़त ने अपनी दयनीय आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुये पुलिस अधीक्षक से इंसाफ की गुहार लगायी है। हालांकि पीडि़त ने बताया कि एसपी साहब ने उसका पक्ष सुनने के बाद अधीनस्थों को कार्यवाही के निर्देश दिये हैं, जिससे उसे भी इंसाफ मिलने की उम्मीद जागी है।



