बेतुल
बैतूल विश्वमांगल्यसभा बैतूल की नई कार्यकारिणी घोषित
श्रद्धा खंडेलवाल अध्यक्ष, रितिका किलेदार उपाध्यक्ष नियुक्त

शिव स्तुति और कृष्ण लीलाओं के बीच बैतूल में बनी विश्वमांगल्यसभा की नई कार्यकारिणी
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बैतूल। पवित्र श्रावण मास की भक्ति रसधारा में शिव स्तुति, रुद्राष्टक पाठ और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ रविवार 17 अगस्त को कालापाठा स्थित कर्मा मंदिर में विश्वमांगल्यसभा बैतूल की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। विश्वमांगल्यसभा का धर्म शिक्षा विभाग प्रतिवर्ष श्रावण मास में विश्व कल्याण के संकल्प के साथ शिव आराधना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों का क्रम चलाता है। इस वर्ष भी नगर की महिलाओं ने विभिन्न मंदिरों में शिवपंच स्तोत्र का सामूहिक पाठ कर वातावरण को भक्ति रस में रंग दिया।
पूर्णाहुति समारोह में महिलाओं ने सामूहिक रूप से रुद्राष्टक, शिव मानस पूजन और सहस्रनामावली से अभिषेक पूजन किया। छोटे-छोटे बाल गोपाल ने दहीहंडी और श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की अनुपम प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उल्लास से भर गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जनजातीय विभाग भारत सरकार एवं सांसद डीडी उइके की धर्मपत्नी ममता उइके, विश्वमांगल्यसभा की अखिल भारतीय जनजाति कल्याण विभाग संयोजिका मंजूषा लोडे, मध्य भारत प्रांत संयोजिका श्रीमती प्रांजल तल्हारकर, पार्षद अंजू शर्मा तथा कर्मा मंदिर की अध्यक्ष चंद्रकला दियावार की प्रमुख उपस्थिति रही।
– इन्हें सौंपे दायित्व
इसी अवसर पर बैतूल की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा हुई, जिसमें अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा खंडेलवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती रितिका किलेदार, नगर संयोजिका सोनाली वागद्रे, सचिव श्रीमती शामिनी देव, सहसचिव श्रीमती अर्चना हुद्दार और कोषाध्यक्ष डॉक्टर सुषमा सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही अलग-अलग कार्य विभागों के पदाधिकारियों तथा बैतूल बाजार नगर कार्यकारिणी में सदस्यों के दायित्वों की भी घोषणा की गई। समारोह में उपस्थित माता-बहनों और गणमान्य नागरिकों ने विश्वमांगल्यसभा द्वारा चलाए जा रहे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में इन्हें और व्यापक पैमाने पर निरंतर जारी रखने की आशा व्यक्त की।



