सिंगरौली
बेसहारा मवेशियों के लिए गौशाला बनी ट्रामा सेंटर रोड
बारिश के बीच पूरी सड़क पर गोबर होने के कारण फैल रही दुर्गंध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। वैढ़न में बनी गौशालायें खाली हैं और बेसहारा मवेशी शहर की सड़कों पर डेरा जमाये हुए हैं। इनमें वे मवेशी भी होते हैं जो जिला मुख्यालय वैढ़न के करीबी गांवों के पशुपालकों के हैं। शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले ज्यादातर मवेशियों की टैगिंग भी हुई, लेकिन उसके माध्यम से उनके पालकों को खोजने या फिर खुले में मवेशी छोड़ने के लिए जुर्माने आदि की कारवाई नहीं होती। यही कारण है कि मवेशियों को घर पर बांधने की जगह खुले में छोड़ दिया जाता है। ऐसे ही मवेशी इन दिनों बड़ी संख्या में जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर रोड पर डेरा जमाये हुए हैं। जिससे पूरी सड़क गोबर से पट गई है। बारिश के बीच रोड पर गोबर पड़ा रहने से अब दुर्गंध उठने लगी है। जिससे सीएमएचओ ऑफिस, ड्रग स्टोर, डीडीआरसी, एनआरसी, टीकाकरण कार्यालय और सीबीएमओ वैढ़न ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों और आमजन को परेशानी होती है। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने फाउंटेन से लेकर ड्रग स्टोर व सीएमएचओ कार्यालय के सामने खाली जमीन पर रात-दिन इनका जमावड़ा लगा रहता है।



