
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जगम्मनपुर (जालौन)। विकासखंड रामपुरा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जगम्मनपुर के मुख्य प्रवेश द्वार पर गंदे नाले का पानी भर जाने से छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय पहुंचने के लिए रोजाना इस गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना मजबूरी बन गई है, जिससे न केवल असुविधा बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अंबेडकर मोहल्ले के पास स्थित इस विद्यालय की इमारत का निर्माण लगभग 9 वर्ष पूर्व एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराया गया था। इसके बाद समय-समय पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण पर भी लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन प्रवेश द्वार पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप, गांव के नालों का गंदा पानी विद्यालय के गेट पर एकत्र होकर जलभराव की स्थिति पैदा कर रहा है। बरसात या नालों के बहाव के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे छात्राओं को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। कई बार उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना रहता है। इस संबंध में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता गौतम ने बताया कि समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी, रामपुरा को लिखित प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि प्रवेश द्वार पर एक पुलिया बनाकर जल निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए, तो इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देकर छात्राओं को राहत दिलाता है।
