बरेली
बरेली जंक्शन से साढ़े तीन साल की बच्ची का अपहरण,
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, जीआरपी ने 5 दिन बाद बरामद कराया

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली जंक्शन पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां ट्रेन का इंतजार कर रहे दंपति की साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची को एक महिला उठाकर ले गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और अपहरण करने वाली महिला को उसके पति समेत गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी मुनीश 28 अगस्त की रात अपनी बेटी ऋषिका की दवा लेने के लिए बरेली आया था। देर रात जब वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तो थकान के चलते प्लेटफार्म पर चादर बिछाकर सो गया। इस दौरान उसकी पत्नी किसी काम से प्लेटफार्म के बाहर चली गई थी। तभी मौके का फायदा उठाकर कुसुम नाम की महिला ने पहले बच्ची को बहलाया-फुसलाया और फिर गोद में उठाकर वहां से फरार हो गई।पूरा घटनाक्रम बरेली जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने जांच शुरू की और लगातार तलाश अभियान चलाया। आखिरकार 5 दिन बाद बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने कुसुम और उसके पति ननुआ को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में कुसुम ने कबूल किया कि वह बच्ची को बेचने की नीयत से लेकर गई थी, लेकिन इससे पहले ही जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए पूरे गैंग का पर्दाफाश कर दिया और मासूम को बचा लिया।



