लखनऊ

लखनऊ: सपा कार्यालय के सामने युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के लखनऊ स्थित कार्यालय के सामने बुधवार को एक युवक ने रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते आत्मदाह का प्रयास किया। युवक की पहचान अलीगढ़ जनपद के थाना टीना क्षेत्र निवासी योगेंद्र उर्फ बॉबी के रूप में हुई है। घटना विक्रमादित्य मार्ग पर उस समय हुई जब योगेंद्र अपने भाई गुड्डू और एक महिला परिचित के साथ सपा कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, योगेंद्र ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोस में रहने वाले दानिश, वसीम, नाजिम और मास्टर ने सट्टेबाजी के काम में उससे 6 लाख रुपये लिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। हताश होकर योगेंद्र ने सपा कार्यालय के बाहर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की।

आधिकारिक बयान:गौतमपल्ली थाना प्रभारी ने बताया, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप कर आग बुझाई। घायल युवक को तुरंत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आया है। अलीगढ़ पुलिस से संपर्क कर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि योगेंद्र का प्रार्थना पत्र सपा कार्यालय में जमा करने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन आत्मदाह का प्रयास करने से पहले वह कार्यालय के अंदर नहीं गया। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ तथ्यों की पुष्टि के लिए अलीगढ़ पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button