शामली। जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना आदर्श मंडी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 109 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में पूरे मंडल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना आदर्श मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रवीण उर्फ माल्ला पुत्र फेरू सिंह निवासी माजरा रोड, देव गार्डन के सामने, थाना आदर्श मंडी को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 109 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना आदर्श मंडी में मु0अ0सं0 133/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के नशे के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल पिंटू सिंह एवं हेड कांस्टेबल शौकिन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।
शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सक्रिय सहयोग दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं। पुलिस का लक्ष्य जनपद को नशामुक्त बनाकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना है।