मेरठ
वैल्यू एजुकेशन, योग व मेडिटेशन पाठ्यक्रमों को लेकर ब्रह्माकुमारीज व श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में हुआ ऐतिहासिक करार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रुड़की। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय और उत्तर प्रदेश के श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के बीच संस्कार शिक्षा, योग एवं मेडिटेशन को लेकर एक ऐतिहासिक शैक्षणिक करार संपन्न हुआ। इस करार के तहत विश्वविद्यालय स्तर पर स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम चलाए जाएंगे।
यह समझौता प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के रुड़की स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह के दौरान हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दादी प्रकाशमणि स्मृति सभागार में दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की ओर से एजुकेशन विंग के इंटरनेशनल वाइस प्रेसिडेंट डॉ. बीके पांडुमणि, श्री वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरी के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, संयोजक व विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के उपकुलपति डॉ. श्रीगोपाल नारसन, बीके सुशील जी व अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. बीके पांडुमणि और डॉ. राजीव त्यागी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि यह करार शिक्षा में संस्कार, योग और आध्यात्मिकता को समाहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दोनों संस्थान मिलकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वैल्यू एजुकेशन, योग व अध्यात्मिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करेंगे।
12 अक्टूबर को होगा औपचारिक आदान-प्रदान
इस करार पर औपचारिक हस्ताक्षर आगामी 12 अक्टूबर को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू में होने वाले “अंतर्राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन 2025” में किए जाएंगे। इस सम्मेलन में देश-विदेश से 10,000 से अधिक शिक्षाविद, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, महामहिम राज्यपाल व राजनयिक शामिल होंगे।
शिक्षा में संस्कार और राष्ट्रप्रेम का समावेश अनिवार्य — सुधीर गिरी
श्री वेंकटेश्वरा शैक्षिक समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी ने कहा कि चिकित्सा, तकनीकी व व्यवसायिक शिक्षा के साथ जब तक संस्कारों और राष्ट्रप्रेम का समावेश नहीं होगा, तब तक शिक्षा का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता।
वेंकटेश्वरा को सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शुमार करेंगे — डॉ. राजीव त्यागी
प्रति कुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि उच्च शिक्षा में शोध, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक गठबंधन, योग और आध्यात्मिक शिक्षा को बढ़ावा देकर वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय को देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शुमार कराया जाएगा।
सम्मान व पुस्तक विमोचन
समारोह में ब्रह्माकुमारीज की ओर से इस शैक्षणिक करार के सूत्रधार बने डॉ. श्रीगोपाल नारसन का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. राजीव त्यागी ने बीके पांडुमणि, बीके जयकुमार, बीके सतेंद्र भाई व राजयोगिनी बीके मीना दीदी को स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान बीके डॉ. कृपाल सिंह की पुस्तक “रामायण व महाभारत का आध्यात्मिक रहस्य” का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार सुशील भाई ने किया। अतिथियों का स्वागत रुड़की सेवा केंद्र प्रभारी बीके गीता दीदी, बीके दीपिका, बीके सपना व बीके पारुल ने किया। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे, कुलसचिव डॉ. अमित पीयूष पांडे, अंबाला ब्रह्माकुमारीज केंद्र से बीके शैली, यशपाल भाई, विनय गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, मुनेंद्र भाई, मेरठ परिसर से निदेशक डॉ. प्रताप सिंह व मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित कई शिक्षाविद एवं गणमान्य उपस्थित रहे।




