करमाटांड़ में केपीएल सीजन–5 का 24 दिसंबर से भव्य आगाज
KPL Season 5 to begin in grand style in Karmatand from December 24

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत मकाती कोठी ग्राउंड में न्यू राइजिंग विद्यासागर क्लब के तत्वावधान में आयोजित करमाटांड़ प्रीमियर लीग (केपीएल) सीजन–5 का शुभारंभ आगामी 24 दिसंबर 2025 (बुधवार) को होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए न्यू राइजिंग विद्यासागर क्लब के सदस्यों ने मकाती कोठी ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान मैदान में पंडाल लगाने, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त किया गया। क्लब के सदस्यों ने बताया कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी इंतजाम किए गए हैं, ताकि टूर्नामेंट का आयोजन सफल एवं यादगार बन सके। केपीएल सीजन–5 में विजेता टीम को ₹51,000 की प्रथम पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को ₹35,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन 24 दिसंबर को दोपहर 12:00 बजे किया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेलप्रेमियों एवं गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर न्यू राइजिंग विद्यासागर क्लब के सक्रिय सदस्य अर्जुन मंडल, पिंटू मंडल, कुंदन मंडल, राहुल मंडल, महेंद्र मंडल, अक्षय मंडल, निवास मंडल, बलराम मंडल, पप्पू मंडल, संजय यादव, तनवीर अंसारी सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित थे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। क्लब के सदस्यों ने बताया कि केपीएल सीजन–5 से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा और खेल भावना को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


