नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना का 47वां जन्मदिन सोमवार को उनके निजी आवास ग्राम औरंगाबाद रिसतल में सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक, क्षेत्रवासी और सामाजिक कार्यकर्ता उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। कार्यक्रम में पूरे दिन लोगों का आना-जाना लगा रहा और माहौल उत्साह से भरा रहा।
समारोह के दौरान अनिल कसाना ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि वह हमेशा आम नागरिक की लड़ाई लड़ते रहेंगे और क्षेत्र की समस्याओं को उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।
कसाना ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार जैसी बुनियादी जरूरतों पर काम करने की बात कही और लोगों की सेवा को ही अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बताते हुए हर वर्ग के लोगों से जुड़े रहने का संकल्प दोहराया।
समारोह में पहुंचे लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और जन्मदिन की बधाई दी। कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
जन्मदिन पर उमड़ी भारी भीड़ और जनता से उनका जुड़ाव चर्चा का विषय बना रहा। इस आयोजन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं और इसे आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।


