सिंगरौली
जिले के शासकीय अधिकारियों को मिला आनंदित व्यवहार का प्रशिक्षण : मास्टर ट्रेनर राजकुमार जायसवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
राज्य आनंद संस्थान और मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों के आनंदित व्यवहार व तनाव मुक्त जीवन के लिए विकासखंड स्तरीय अल्पविराम कार्यक्रम क्रमशः 18,19 व 20 सितंबर को सिंगरौली जिले के वैढ़न,देवसर व चितरंगी तहसील में आयोजित किया गया। इसमें मध्यप्रदेश शासन ,भोपाल से चयनित मास्टर ट्रेनर क्रमशः राजकुमार जायसवाल विचारक्रांति (सिंगरौली), अजीत कुमार महतो (भोपाल) व कल्पना टांडिया जी(सीधी) ने जिले के विभिन्न विभागों के 60-60 अधिकारियों / कर्मचारियों को आनंद से रहने की कला दिखाई व सिखाई। अल्पविराम के माध्यम से मास्टर ट्रेनरों ने शांत समय के माध्यम से स्वयं की स्वयं से मुलाकात करना,अपने भीतर के आवाज को सुनना,हर पल आनंदित रहना, सकारात्मक परिवर्तन द्वारा बेहतर बदलाव का कदम उठाना आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं व रोचक गतिविधियों द्वारा आनंद की अनुभूति पर जोर दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम का संयोजन जन अभियान परिषद् के जिला समन्वयक व राज्य आनंद संस्थान सिंगरौली के जिला सम्पर्क व्यक्ति राजकुमार विश्वकर्मा द्वारा किया गया।प्रत्येक विकासखंड में कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत् प्रार्थना,दीप प्रज्ज्वलन,अतिथि व प्रतिभागियों के स्वागत के साथ किया गया, तत्पश्चात् आनंद संस्थान का परिचय वीडियो व प्रत्येक विकासखंड में उपस्थिति मुख्य अतिथि का उद्बोधन हुआ।इसके बाद भोपाल से तय किए गए मास्टर ट्रेनरों द्वारा “अल्पविराम परिचय” , “आनंद की ओर”, “जीवन का लेखा जोखा” , “रिश्तें” ,”चिंता का दायरा व प्रभाव का दायरा” आदि बिंदुओं व रोचक गतिविधियों द्वारा जिले से शामिल प्रतिभागियों को आनंदित व्यवहार के सूत्र दिए। मुख्य अतिथि के रूप में इनकी रही उपस्थिति – सिंगरौली जिले के वैढ़न ब्लॉक में मुख्य अतिथि के रूप में सिंगरौली विधानसभा के विधायक रामनिवास शाह , जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र व समर्पण आनंद क्लब की अध्यक्ष डॉ. वीणा तिवारी उपस्थित रहीं।देवसर ब्लॉक में मुख्य अतिथि के रूप में देवसर तहसील के नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह उपस्थित रहें। वहीं चितरंगी ब्लॉक में मुख्य अतिथि के रूप में चितरंगी के एसडीएम उपस्थित रहें।
कार्यक्रम का समापन आभार व प्रतिभागियों के फीडबैक से हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिले के प्रत्येक विकासखंडों से पटवारी, सचिव,सहायक सचिव,महिला बाल विकास के सुपरवाइजर व जन अभियान परिषद् के सक्रिय सेवक उपस्थित रहे।



