सिंगरौली

8 दिनों में नशे के अवैध कारोबार पर सिंगरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

₹17.70 लाख से अधिक का माल जब्त

6 किलो से अधिक गांजा, हेरोइन, स्मैक, 1,318 शीशी कफ सिरप और 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने पिछले 8 दिनों में व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गांजा, हेरोइन, स्मैक, कोडिनयुक्त कफ सिरप और नशीली टैबलेट-कैप्सूल सहित वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त मशरूके की अनुमानित कीमत ₹17,70,918 बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित राज्य स्तरीय विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, पिछले 8 दिनों में थाना विंध्यनगर, बरगवां, माड़ा, सरई, बैढ़न, मोरवा, नवानगर, गढ़वा, जियावन और लंघाडोल के साथ चौकी जयंत, निगरी, निवास, गोरबी और खुटार क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान 6 किलो 339 ग्राम अवैध गांजा, 4.05 ग्राम हेरोइन, 4.92 ग्राम स्मैक, 1,318 शीशी यानी 131.8 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 52,560 नशीली टैबलेट-कैप्सूल जब्त की गईं। इसके अलावा बोलेरो, मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
अभियान के दौरान बरगवां पुलिस ने मेडिकल स्टोर से जुड़े अवैध भंडारण का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में नशीली औषधियां बरामद कीं। वहीं जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी गांजा, स्मैक और हेरोइन के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों या नशीली दवाओं के अवैध विक्रय, भंडारण और परिवहन की जानकारी मिलने पर संबंधित थाना, पुलिस चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7049134457 पर सूचना दें। पुलिस ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए जनसहभागिता को जरूरी बताया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button